Saturday, November 21, 2026
Homeरायगढ़ समाचार‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ के तहत कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ के तहत कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

146 हितग्राहियों ने लिया हिस्सा, उन्नत तकनीक, रोग प्रबंधन और अंतर-फसल से अतिरिक्त आय बढ़ाने पर जोर

रायगढ़। केंद्रीय रेशम बोर्ड के ‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ अभियान के तहत रायगढ़ जिले में शहतूत रेशम एवं टसर कृमिपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। तमनार तहसील के ग्राम आमाघाट तथा खरसिया तहसील के ग्राम बर्रा में आयोजित कार्यक्रम में टसर रेशम उत्पादन से जुड़े स्व-सहायता समूह एवं धागाकरण समूह के कुल 146 हितग्राहियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय रेशम बोर्ड, रांची के वैज्ञानिक डॉ. वाय.एस. श्रीनाथ, खरसिया के विधायक प्रतिनिधि एवं ग्राम सरपंच सहित रेशम विभाग के उप संचालक मनीष पवार, वरिष्ठ रेशम निरीक्षक आर.के. करियाम तथा कनिष्ठ रेशम निरीक्षक चन्द्रिका प्रसाद श्रीवास उपस्थित रहे।

उन्नत तकनीक से कराया गया अवगत

तकनीकी सत्र में वैज्ञानिक डॉ. वाय.एस. श्रीनाथ ने हितग्राहियों को रेशम उत्पादन से अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए चॉकी कीट पालन की उन्नत तकनीक तथा वयस्क कृमिपालन की नवीन विधियों की जानकारी दी। उन्होंने कीटपालन के दौरान होने वाले रोगों की रोकथाम, बेहतर प्रबंधन तथा ककून की गुणवत्ता सुधारने के लिए वैज्ञानिक एवं उचित निःसंक्रमण विधियों के बारे में भी विस्तार से बताया।

अधिकारियों ने प्रभावी पौधरोपण क्षेत्र बढ़ाने, उच्च गुणवत्तायुक्त स्व-डिम्ब समूह तैयार करने, रोग प्रबंधन तथा वैज्ञानिक तरीके से कृमिपालन करने पर विशेष जोर दिया। किसानों को बताया गया कि आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन को अपनाकर उत्पादन एवं ककून की गुणवत्ता दोनों में सुधार किया जा सकता है।

अंतर-फसल और क्लस्टर आधारित खेती पर चर्चा

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कृमिपालकों ने क्लस्टर आधारित खेती और अंतर-फसल के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने के विषय पर भी चर्चा की। किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए रेशम उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सुझाव दिए।

अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों को आगामी कार्ययोजना में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। सामूहिक खेती, बेहतर पौधरोपण, वैज्ञानिक कृमिपालन और मूल्यवर्धन के माध्यम से टसर रेशम उत्पादन को अधिक संगठित एवं लाभकारी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

राज्य में रेशम उत्पादन को नई पहचान देने का लक्ष्य

‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ अभियान का उद्देश्य रेशम उत्पादक किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ उनकी आय में वृद्धि करना है। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता सुधारने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

विभागीय अधिकारियों ने कहा कि किसानों की सहभागिता और सुझावों को कार्ययोजना से जोड़कर सामूहिक प्रयास किए जाएं तो रायगढ़ जिले में टसर रेशम उत्पादन को नई ऊंचाई दी जा सकती है। इसी उद्देश्य के साथ आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम जिले में रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने और इसे राज्य में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular