गुणवत्तायुक्त रेशम बीज, रोग प्रबंधन और अंतर-फसल से अतिरिक्त आय बढ़ाने पर जोर
रायगढ़। केंद्रीय रेशम बोर्ड के ‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ अभियान के तहत टसर कोसा केंद्र कटकलिया में रेशम स्व-सहायता समूह एवं धागाकरण समूह की जिला स्तरीय बैठक एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय रेशम बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ. वाय.एस. श्रीनाथ, रेशम विभाग के उप संचालक मनीष पवार, जिला फील्ड ऑफिसर रेशम आई.आर. भगत, वरिष्ठ रेशम निरीक्षक आर.के. करियाम, कनिष्ठ रेशम निरीक्षक चन्द्रिका प्रसाद श्रीवास सहित विभागीय कर्मचारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक डॉ. वाय.एस. श्रीनाथ ने ‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए टसर रेशम उत्पादन की विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने रेशम कीट प्रबंधन, उन्नत तकनीक, गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन तथा निःसंक्रमण तकनीक के प्रति हितग्राहियों को जागरूक किया।
प्रति हेक्टेयर उत्पादन बढ़ाने पर जोर
रेशम उत्पादन में वृद्धि के लिए अप्रभावी क्षेत्रों में प्रभावी पौधरोपण करने, खाद्य पौधों के बेहतर रखरखाव और समूह के माध्यम से सामूहिक कृमिपालन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर प्रति हेक्टेयर उत्पादन और हितग्राहियों की आय में वृद्धि की जा सकती है।
शिविर में टसर कृमिपालन के साथ-साथ टसर रेशम धागाकरण का प्रशिक्षण देने की आवश्यकता भी बताई गई। इससे गुणवत्तायुक्त कोसा सीधे समूहों को धागाकरण के लिए उपलब्ध कराया जा सकेगा। समूहों द्वारा उत्पादित रेशम धागे की ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई, ताकि रायगढ़ जिले के सिल्क उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सके।
अंतर-फसल से बढ़ेगी अतिरिक्त आय
अभियान के तहत हितग्राहियों को अंतर-फसल के दौरान अपनाई जाने वाली रोपण तकनीक और उससे होने वाली अतिरिक्त आय की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि टसर उत्पादन के साथ अंतर-फसल को अपनाने से हितग्राहियों को अतिरिक्त आमदनी का स्रोत मिल सकता है।
इस पहल का उद्देश्य टसर रेशम से जुड़े परिवारों को वर्षभर रोजगार और आय के अवसर उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले पलायन को कम करना है। विभागीय अधिकारियों ने हितग्राहियों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने, सामूहिक रूप से कार्य करने और उत्पाद की गुणवत्ता के साथ-साथ उसकी बाजार पहचान पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रेशम उत्पादन से जुड़े हितग्राहियों ने विशेषज्ञों से तकनीकी जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा किया। विभाग का मानना है कि ‘मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0’ के माध्यम से टसर रेशम उत्पादन को नई तकनीक, बेहतर गुणवत्ता और मूल्यवर्धन से जोड़कर हितग्राहियों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
