Friday, November 20, 2026
Homeरायगढ़ समाचारहड़ताल अवधि के मानदेय के भुगतान की मांग : पूर्व बीईओ पर...

हड़ताल अवधि के मानदेय के भुगतान की मांग : पूर्व बीईओ पर राशि के दुरुपयोग का आरोप : कर्मचारियों ने जनदर्शन में लगाई गुहार

रायगढ़। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय, धरमजयगढ़ के अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन सौंपकर वर्ष 2022 की हड़ताल अवधि के लंबित मानदेय के भुगतान की मांग की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि तत्कालीन बीईओ के कार्यकाल में इस मद की राशि का आहरण तो किया गया, लेकिन संबंधित कर्मचारियों के खातों में भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

कर्मचारियों ने बताया कि वे 7 मार्च 2022 से 10 अगस्त 2022 तक अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। उनका कहना है कि शासन के निर्देशों के बावजूद हड़ताल अवधि के मानदेय का भुगतान आज तक नहीं किया गया। इस संबंध में उन्होंने कई बार बीईओ कार्यालय में आवेदन दिए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। वर्तमान बीईओ द्वारा भी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) रायगढ़ को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया जा चुका है।

कर्मचारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के अनुसार, वर्तमान बीईओ ने 15 जनवरी 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी को भेजे पत्र में उल्लेख किया है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अवधि के मानदेय के लिए तीन बिलों के माध्यम से कुल 27,63,558 रुपये का आहरण किया गया था। वहीं रोकड़ पंजी में लगभग 34 लाख रुपये के आहरण का उल्लेख है। पत्र में यह भी कहा गया है कि संबंधित कर्मचारियों के खातों में भुगतान नहीं हुआ तथा प्रभार हस्तांतरण के समय भी पूरी राशि उपलब्ध नहीं कराई गई।

पत्र में यह भी उल्लेख है कि तत्कालीन लेखा शाखा प्रभारी से शेष राशि का प्रभार मांगा गया था, लेकिन कार्यालय को अपेक्षित राशि प्राप्त नहीं हुई। इसी आधार पर वर्तमान बीईओ ने जिला स्तर पर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था।

सोमवार को छत्तीसगढ़ स्कूल सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले पहुंचे कर्मचारियों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर लंबित मानदेय का भुगतान कराने तथा यदि किसी स्तर पर वित्तीय अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। कर्मचारियों के अनुसार, कलेक्टर ने उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

उल्लेखनीय है कि जनवरी 2026 में बीईओ कार्यालय द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को जांच का अनुरोध भेजे जाने के बाद भी अब तक जांच अथवा कार्रवाई की कोई जानकारी कर्मचारियों को नहीं मिली है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे उनकी समस्या लगातार लंबित बनी हुई है। हालांकि, इस मामले में तत्कालीन बीईओ अथवा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular