
रायगढ़। पुणे में आयोजित “भारत उत्सव” में फ़्यूज़न डांस एकेडमी के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए। प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 3500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिनका चयन प्रतिशत के आधार पर किया गया। एकेडमी की संचालिका एवं गुरु पूजा जैन ने बताया कि बच्चों की मेहनत और लगन के दम पर यह उपलब्धि हासिल हुई है।
कथक प्रतियोगिता में पव्या श्रीवास्तव एवं सौम्य शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। परिणीति शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि लावण्या चक्रधारी एवं सौम्य साहू तृतीय स्थान पर रहे। वहीं सेमी-क्लासिकल श्रेणी में मायरा शर्मा ने द्वितीय तथा प्रेरणा शर्मा एवं पूनम द्विवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया। इन उत्कृष्ट उपलब्धियों के आधार पर एकेडमी के बच्चों का चयन नवंबर माह में वियतनाम में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय महोत्सव के लिए किया गया है।
पूजा जैन ने बताया कि फ़्यूज़न डांस एकेडमी पिछले 10 वर्षों से संचालित हो रही है और हर वर्ष यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। एकेडमी के बच्चे भिलाई, दुर्ग, कटक, कोलकाता, नागपुर, पुणे, बिलासपुर, जबलपुर, राज्योत्सव एवं चक्रधर समारोह जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के शास्त्रीय नृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक हैं। शास्त्रीय नृत्य (Classical Dance) सीखना केवल एक कला को अपनाना नहीं है, बल्कि यह आपके शरीर, मन और आत्मा के विकास का एक माध्यम है। यह एक प्रकार से पूर्ण व्यायाम है। यह पैर के अंगूठे से लेकर सिर तक की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। विभिन्न मुद्राओं के अभ्यास से शरीर लचीला और सुडौल बनता है। लगातार थिरकने और लंबी प्रस्तुतियों से शारीरिक क्षमता बढ़ती है।
नृत्य के दौरान संगीत और ताल का तालमेल मन को शांत करता है। जटिल बोल, थाट और नृत्य के पैटर्न्स को याद रखने से दिमागी कसरत होती है। नियमित रियाज़ से जीवन में अनुशासन और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता आती है। ‘नवरस’ (नौ मानवीय भावनाएं जैसे – खुशी, क्रोध, करुणा आदि) के अभ्यास से भावनाओं को सही तरीके से व्यक्त करना आता है। मंच पर प्रस्तुति देने से झिझक दूर होती है और आत्मविश्वास बढ़ता है। नृत्य के माध्यम से आप रामायण, महाभारत और अन्य ऐतिहासिक कथाओं को करीब से समझते हैं। यह कला हमें बड़ों का आदर करना, धैर्य रखना और अपनी संस्कृति पर गर्व करना सिखाती है।

