‘देश का युवा तन-मन-धन से मोदी जी के साथ’ — Join BJYM अभियान को मिल रहा जबरदस्त समर्थन
लैलूंगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के ‘Join BJYM’ अभियान को लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में लगातार युवाओं का समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पतरापाली में आयोजित विशाल सदस्यता कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की बात कही।
कार्यक्रम युवा नेता एवं भाजयुमो जिला अध्यक्ष सुमीत शर्मा के नेतृत्व तथा जिला सदस्यता सह-प्रभारी आकाश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। सदस्यता ग्रहण करने वाले युवाओं ने एक स्वर में कहा कि देश का युवा प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन के साथ मजबूती से खड़ा है।
कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। नवप्रवेशी युवाओं का भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें भाजपा की विचारधारा, संगठन की रीति-नीति एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से अवगत कराया गया।
‘आज का युवा जागरूक है’
अपने संबोधन में भाजयुमो जिला अध्यक्ष सुमीत शर्मा ने कहा कि आज का युवा जागरूक है और वह देश के भविष्य को लेकर गंभीरता से सोचता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने भाजपा से जुड़ने वाले सभी युवा साथियों, विशेषकर समीर, अनिल और रणजीत सहित सभी नवप्रवेशी युवाओं का आभार जताया।
युवाओं को राष्ट्र निर्माण का भागीदार मानती है भाजपा
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा युवाओं को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं देखती, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण भागीदार मानती है। उन्होंने कहा कि लैलूंगा सहित पूरे रायगढ़ क्षेत्र में युवा राष्ट्रवादी सोच के साथ आगे आ रहे हैं, जो सकारात्मक संकेत है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानेश्वर सिंह गौतम और जिला कोषाध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल सहित भाजपा एवं भाजयुमो के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने नवप्रवेशी युवाओं का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन को मजबूत करने और समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
हर गांव तक पहुंचेगा अभियान
कार्यक्रम के अंत में सुमीत शर्मा ने कहा कि पतरापाली से मिली युवाओं की ऊर्जा और समर्थन उत्साह बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि ‘Join BJYM’ अभियान अभी शुरुआत है और आने वाले दिनों में इसे लैलूंगा विधानसभा के प्रत्येक गांव तक पहुंचाया जाएगा। उनका कहना था कि अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सहभागी बनाया जाएगा।
